खैरागढ़। जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और अवैध उर्वरक कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने खैरागढ़ के धरमपुरा स्थित अंबे कृषि केंद्र से जुड़े एक अवैध गोदाम पर छापामार कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार दिलीपपुर-खजरी रोड स्थित उक्त गोदाम में बड़ी मात्रा में उर्वरक का अवैध भंडारण किए जाने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर सहायक संचालक कृषि लुकमान साहू एवं बीटीएम वीरेंद्र वर्मा की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान गोदाम में बिना वैध अनुमति के रखी गई इफको कंपनी की 80 बोरी यूरिया खाद बरामद की गई, जिसे विभाग ने जब्त कर लिया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उर्वरकों का भंडारण और विक्रय उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के अनुसार किया जाना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा सकती है।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से खाद का भंडारण, नकली उर्वरकों की बिक्री अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।


