खैरागढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण, आवारा पशुओं की समस्या और वर्षाकालीन सुरक्षा उपायों पर चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने रात्रिकालीन समय में ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में स्पीड डिटेक्शन कैमरे लगाने की संभावनाओं पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में बरसात के दौरान आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम पर चर्चा करते हुए पशुपालन विभाग को शहरी गौठान, कांजी हाउस और गौधाम की व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर ने पुलिस और यातायात विभाग को ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से ड्रंक एंड ड्राइव मामलों की नियमित जांच करने, हिट एंड रन प्रकरणों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा ई-डीएआर प्रणाली के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। वर्षाकाल में सालेवारा घाटी क्षेत्र में संभावित भूस्खलन को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा नेट लगाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय समय पर पूरा करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने और आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया।


