खैरागढ़–छुईखदान–गंडई (केसीजी) जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
जिला पुलिस द्वारा अप्रैल 2026 के दौरान चलाए गए अभियान में कुल 665 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2,14,200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने के 87 मामलों में न्यायालय द्वारा कुल 9,65,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
कार्रवाई के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं—
* तीन सवारी बैठाने पर 258 मामले
* बिना नंबर प्लेट 134 मामले
* बिना हेलमेट 36 मामले
* बिना सीट बेल्ट 17 मामले
* मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के 2 मामले
* मालवाहक में सवारी ढोने के 5 मामले
* नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का 1 मामला
* प्रेशर हॉर्न के 29 मामले
* अन्य यातायात नियम उल्लंघन के 83 मामले
इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 6 प्रकरणों को लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को भेजा गया है।
पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और आम लोगों को जागरूक करने के लिए यातायात नियमों पर जानकारी भी दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


