खैरागढ़। खैरागढ़ ब्लॉक के जालबाँधा चौकी क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक आदतन अपराधी ने फिर से एक नाबालिग बच्ची को निशाना बनाने की कोशिश की। आरोपी की पहचान नंदकुमार दुबे उर्फ बिसाहू दुबे के रूप में हुई है, जो पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है और पूर्व में भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर स्कूल के पीछे सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों को उसकी गतिविधियाँ संदिग्ध लगीं और वे तुरंत मौके पर पहुँचे। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही जालबाँधा चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद इलाके में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से अपराधी रहे व्यक्ति द्वारा दोबारा ऐसी कोशिश होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आदतन अपराधियों पर सख्त निगरानी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आरोपी जेल में है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

