छुईखदान। नगर में बीती रात अज्ञात चोरों ने शहर के पुराने और प्रतिष्ठित व्यापारी शांतिलाल जैन के घर को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना करीब सुबह 4 बजे के आसपास हुई बताई जा रही है। अज्ञात चोरों ने घर के बड़े शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषणों समेत अन्य कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, चोरी हुए सामान की कुल कीमत कितनी है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास लगे CCTV कैमरों के तार काट दिए, वहीं कुछ कैमरों को क्षतिग्रस्त करने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद कुछ संदिग्ध व्यक्ति CCTV फुटेज में नजर आने की बात कही जा रही है।
शांतिलाल जैन छुईखदान के पुराने और प्रतिष्ठित व्यापारियों में गिने जाते हैं तथा लंबे समय से सोने-चांदी सहित अन्य कारोबार से जुड़े रहे हैं। ऐसे में उनके घर में हुई चोरी की घटना को लेकर व्यापारिक वर्ग में भी चिंता का माहौल है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
वारदात के समय को लेकर पुलिस गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है और चोरी का सामान बरामद कर पाती है।
चोरी की रकम और सामान का वास्तविक आकलन पुलिस जांच एवं पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
DNnews — खबर वही, जो लगे सही।



