छुईखदान। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ग्राम विचारपुर में दबिश देकर अवैध शराब बेच रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 119 पौवा शराब, दो मोटरसाइकिल और बिक्री की रकम सहित कुल 61,740 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पंडरिया रोड स्थित ग्राम विचारपुर में कुछ लोग अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार लोगों को शराब बेचते हुए पकड़ा।
चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनकी पहचान प्रशांत ढीमर उर्फ बंटी (24 वर्ष), विनायक यादव (20 वर्ष), गुलशन भगत (25 वर्ष) और संजय धुर्वे (19 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी खैरागढ़ थाना क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों के निवासी बताए गए हैं।
शराब और दो मोटरसाइकिल जब्त
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 119 पौवा अवैध शराब, जिसकी कुल मात्रा 21.42 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 11,740 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने जब्त की हैं।
पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत 61,740 रुपये बताई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 281/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को 3 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ और सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में छुईखदान पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



