कांकेर।थाना कोरर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 फरवरी 2026 को पीड़िता की ओर से थाना कांकेर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी महेंद्र ध्रुव द्वारा पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर दिसंबर 2024 से लगातार बलात्कार किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कांकेर में अपराध दर्ज कर प्रकरण थाना कोरर स्थानांतरित किया गया, जहां अपराध क्रमांक 19/2026 धारा 64(1), 64(2) BNS एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कांकेर मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना कोरर से विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम ने ग्राम मुगवाल में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद अपराध करना स्वीकार किया। आवश्यक चिकित्सकीय एवं दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना अपराध हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।


