राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में ट्रक से चना चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी रौनक जैन, निवासी सदर बाजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 अप्रैल 2026 को उनके ट्रक क्रमांक CG 08 AU 5984 में चना लोड कर मंडी परिसर में खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह जांच करने पर ट्रक की तिरपाल खुली मिली और जमीन पर चना बिखरा पाया गया। वजन कराने पर करीब 300 किलोग्राम चना कम पाया गया, जिसे अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था।
मामले में थाना बसंतपुर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर शरद यादव, बाबू मरकाम उर्फ शशि, देवेन्द्र राजपूत और उमेश विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी शरद यादव के कब्जे से करीब 250 किलो चना (कीमत लगभग 17 हजार रुपये) बरामद किया। वहीं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक्टिवा भी जब्त की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


