Khairagarh, विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर ग्राम पंचायत मंडला के आंगनवाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा माताओं को स्तनपान के महत्व, शिशु पोषण और मातृ स्वास्थ्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच गोपी वर्मा, उपसरपंच प्रदेश सिरमौर, परियोजना अधिकारी तथा जिला किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने गर्भवती एवं धात्री माताओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर टीकाकरण का महत्व भी बताया।
इस अवसर पर सरपंच गोपी वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि माँ का दूध शिशु के लिए अमृत समान है। जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करना तथा पहले छह माह तक केवल माँ का दूध देना प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है। स्वस्थ माँ और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज की नींव हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों से आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़ने, गर्भवती एवं धात्री माताओं का सहयोग करने तथा कुपोषण मुक्त गाँव बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उपस्थित महिलाओं को स्तनपान की सही विधि, शिशु देखभाल, पूरक आहार, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि पहले छह माह तक केवल माँ का दूध ही शिशु के लिए पर्याप्त होता है और इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, कुपोषण को रोकना तथा प्रत्येक नवजात को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन की शुरुआत दिलाना रहा। उपस्थित ग्रामीणों ने भी इस अभियान में सहयोग करने और स्तनपान के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का संकल्प लिया।



