खैरागढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जालबांधा की टीम ने गांजा बेचने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिंघौरी निवासी तुलसी वर्मा अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस चौकी जालबांधा की टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ आरोपी के घर पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान आरोपी के कमरे की तलाशी ली गई, जहां से एक मेहरून रंग के थैले में रखा लगभग 90 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 900 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांजे को अपने कब्जे में लिया।
जांच के दौरान आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पाए जाने पर तुलसी वर्मा को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


