सक्ती। मालखरौदा विकासखंड के किरारी हाई स्कूल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले में संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ कर्मचारी कथित तौर पर चिकन और शराब की बोतलों के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय की व्यवस्था और कर्मचारियों के आचरण पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने चार व्याख्याताओं और एक अंशकालीन स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस पाने वालों में व्याख्याता नरेन्द्र लहरें, राजेश धीरहे, राजू साहू और दिनेश चक्रधारी तथा अंशकालीन स्वीपर चंद्रकुमार रात्रे शामिल हैं।
इसे भी देखें ..
https://www.facebook.com/share/v/1LabWwkyh6/
वायरल वीडियो के बाद विभाग ने मांगा जवाब
शिक्षा विभाग ने संबंधित कर्मचारियों से वायरल वीडियो में सामने आए घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, जवाब प्राप्त होने के बाद मामले की विभागीय स्तर पर जांच की जाएगी। जांच में वीडियो की वास्तविकता और उसमें नजर आ रहे कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।
जांच के बाद तय होगी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी संबंधित लोगों से जवाब मांगा गया है और विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
स्कूल परिसर में ऐसी गतिविधियों पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद स्कूल परिसर में इस तरह की गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
अब शिक्षा विभाग की जांच और संबंधित कर्मचारियों के जवाब के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों की वास्तविक स्थिति क्या थी।




