गंडई पंडरिया। दनिया पुल पर बारिश के दौरान एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात लगातार बारिश के चलते पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान रायपुर से कान्हा-किसली, मध्यप्रदेश जा रही एक कार पुल पर पहुंची और पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में जा गिरी। कार में सवार पांच लोग पानी के बीच फंस गए। मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर सभी पांचों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी को उपचार एवं चिकित्सकीय जांच के लिए सीएचसी गंडई ले जाया गया।
रोकने के बावजूद पुल पार करने का प्रयास
लगातार बारिश के कारण दनिया पुल पर जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए केसीजी जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। रात करीब 2:30 बजे कार क्रमांक CG 04 PH 5636 पुल के पास पहुंची। उस समय पुल के ऊपर पानी बह रहा था। पुलिस जवानों ने कार चालक और सवार लोगों को आगे नहीं बढ़ने की समझाइश दी, लेकिन कार आगे बढ़ गई। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से कार नदी में चली गई।
पुलिस जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। कार में सवार कमलेश साहू (25), कुबेर साहू (25), निहाल सक्सेना (21), महक कौर (21) और प्रीति रात्रे (20) को सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते हुई कार्रवाई से पांचों की जान बच गई।
थोड़ी बारिश में ही जलमग्न हो जाता है पुल
दनिया पुल की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में लंबे समय से नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य बारिश के बाद ही पुल के ऊपर पानी पहुंच जाता है। बारिश बढ़ने पर पानी का बहाव तेज हो जाता है और पुल से आवागमन करना जोखिम भरा हो जाता है। इसके बावजूद यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में पुल पर पहले भी वाहन फंसने और बहाव की चपेट में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं। हर वर्ष ऐसी स्थिति बनने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में चिंता बनी हुई है।
अधूरे निर्माण पर उठ रहे सवाल
दनिया पुल की इस घटना ने एक बार फिर पुल निर्माण की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल पुल पर पानी भरने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुल निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के साथ ही सुरक्षित आवागमन की स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल निर्माण की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने, निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा तब तक बारिश के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। जलस्तर बढ़ने पर पुल पर आवागमन रोकने के लिए बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है।
पांच लोगों की जान बची, लेकिन समस्या जस की तस
दनिया पुल पर हुई घटना में पुलिस की तत्परता से पांच लोगों की जान बच गई। हालांकि, घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बारिश के दौरान पुल पर बार-बार उत्पन्न होने वाली स्थिति का स्थायी समाधान कब होगा। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार हादसे के बाद राहत और बचाव की व्यवस्था करने के बजाय पुल की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।


