खैरागढ़,खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले में बेमौसम बारिश से धान की खड़ी फसल और कटाई के बाद खेत में सूखने के लिए रखे गए धान के करपे को नुकसान की आशंका है। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों से अपील की है कि नुकसान होने पर वे 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना दें। सूचना में बीमित फसल का विवरण, नुकसान की मात्रा और उसका कारण अवश्य बताएं।
उप संचालक कृषि कार्यालय के अनुसार, किसान टोल-फ्री नंबर 14447 या 1800-419-0344 पर कॉल कर फसल क्षति की जानकारी दर्ज करा सकते हैं। कृषि रक्षक पोर्टल और क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है। किसान चाहें तो स्थानीय कृषि या राजस्व अधिकारी, संबंधित बैंक अथवा जिला स्तर के कृषि या राजस्व अधिकारी को निर्धारित समय-सीमा में लिखित सूचना दे सकते हैं।
विभाग ने बताया कि योजना के तहत अधिसूचित गांवों में सिंचित और असिंचित धान की बीमित फसल को नुकसान होने पर दावा भुगतान का प्रावधान है। कटाई के बाद खेत में सूखने के लिए फैलाकर या छोटे बंडलों में रखे गए धान को ओलावृष्टि, चक्रवाती वर्षा या बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर भी योजना के प्रावधान लागू होते हैं। अधिसूचित इकाई में 25 प्रतिशत से अधिक हानि होने पर सभी प्रभावित बीमित किसानों के नुकसान की जांच कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान किया जाएगा।

