क्रॉस कंट्री दौड़ में राजनांदगांव की बेटियों का परचम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
राजनांदगांव। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में राजनांदगांव की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। 10 किलोमीटर की इस कठिन दौड़ में जिले की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में भगवती यादव ने 40 मिनट 10.23 सेकेंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, निशा साहू ने 41 मिनट 20.04 सेकेंड के समय के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। तीसरे स्थान पर साक्षी यादव रहीं, जिन्होंने 43 मिनट 11.45 सेकेंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि तीनों खिलाड़ी एक ही प्रशिक्षक कोच आर. कामता प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में तैयार हुई हैं। कोच के समर्पित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि तीनों का चयन राष्ट्रीय स्तर की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जिसका आयोजन कर्नाटक राज्य में किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तीनों खिलाड़ी 20 फरवरी को कर्नाटक के लिए रवाना होंगी, जहां वे राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।
कर्नाटक रवाना होने से पूर्व खिलाड़ियों ने पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदया ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
राजनांदगांव पुलिस ने भी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके सफल भविष्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


