खैरागढ़ (केसीजी)। थाना टेलकाडीह पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 की रात करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बजाज पल्सर (क्रमांक CG08-BA-0441) से ग्राम मोहरा से सिरसाही की ओर बोरी में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर ग्राम सिरसाही पुरानापारा प्रवेश द्वार के पास बाइक सवार को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धर्मेंद्र वर्मा (25 वर्ष) निवासी ग्राम सिरसाही, थाना टेलकाडीह बताया। तलाशी के दौरान हरे रंग की प्लास्टिक बोरी से कुल 50 पौवा अंग्रेजी शराब (कुल 9 बल्क लीटर, अनुमानित कीमत ₹6000) बरामद हुई। जब आरोपी से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब और प्रयुक्त बाइक जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर 13 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
केसीजी पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


