खैरागढ़ में शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, जनहित से जुड़े मुद्दों और आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने की। उन्होंने संगठन द्वारा पिछले कुछ महीनों में उठाए गए जनहित के मुद्दों की जानकारी देते हुए बताया कि बिजली व्यवस्था, घरेलू गैस की बढ़ती कीमतें, पेयजल समस्या, सड़क निर्माण, यात्री प्रतीक्षालय और लालपुर स्टॉप डैम जैसे विषयों को लगातार प्रशासन और शासन के समक्ष रखा गया है। उन्होंने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा लंबे समय से लंबित बायपास निर्माण कार्य को गति दिलाने के लिए भी प्रयास किए गए हैं।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों और आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस संगठन जनता और प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता पार्टी को चुनाव में मजबूती प्रदान करेगी।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शहर के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान कई वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और कांग्रेसजन मौजूद रहे।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


