खैरागढ़। थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ी कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि दाऊचौरा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ सामान की खरीद-फरोख्त कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद शबीर (पिता: मोहम्मद फारुख, उम्र 30 वर्ष, निवासी दाऊचौरा, खैरागढ़) को टाटा मेटाडोर वाहन क्रमांक CG 07 C 4766 में कबाड़ सामान भरकर ले जाते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कबाड़ सामान सहित मेटाडोर वाहन जब्त कर लिया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2,15,000 बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बिना वैध दस्तावेज के अवैध रूप से कबाड़ खरीदना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 35(3)(ई) बीएमएम तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत कार्रवाई कर प्रकरण विवेचना में लिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


