राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दुर्ग जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। कार्रवाई साइबर सेल और चौकी मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर की।
पुलिस के मुताबिक ग्राम भैसातरा निवासी समारू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AY 5435 ग्राम बिजनापुर स्थित उनके समधी के घर से रात के समय चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 401/2026, धारा 331, 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ढारा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ा
जांच के दौरान साइबर सेल से मिली तकनीकी जानकारी और मुखबिर से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम ढारा बस स्टैंड के पास संदिग्धों की घेराबंदी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी अरुण साहू की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद कर ली।
दूसरी चोरी की बाइक भी मिली
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम करमरी से चोरी की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AF 0852 भी बरामद हुई। इस संबंध में थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 227/2026 दर्ज है।
तीनों आरोपी दुर्ग जिले के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
अरुण साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम जेवरासिरसा, वर्तमान पता कुम्हारी, जिला दुर्ग।
विक्रम चंद्रवंशी (38 वर्ष), निवासी ग्राम ढौर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
जागेश्वर साहू (30 वर्ष), निवासी ग्राम उरला (भाठापारा), थाना भिलाई-3, जिला दुर्ग।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ राजनांदगांव सहित आसपास के जिलों में चोरी के अन्य मामलों की जानकारी भी सामने आई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल एवं चौकी मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


