खैरागढ़ -जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने छुईखदान ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले कई धान खरीदी केंद्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम भूरभूसी, संबलपुर, सुखरी पथर्रा और ढाबा पहुंचकर वहां चल रही धान खरीदी की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नई खरीदी केंद्रों में विशेष व्यवस्था पर जोर
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने विशेष रूप से नवनिर्मित और नई खरीदी केंद्रों का मुआयना किया। उन्होंने समिति के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नई खरीदी केंद्रों में धान की खरीदी पूरी तरह सुचारू रूप से चलनी चाहिए। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्र स्तर पर सभी जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
पारदर्शिता और सुगम संचालन के निर्देश
संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि पूरी धान खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसानों की उपज के तौल से लेकर उनके दस्तावेजों के सत्यापन और टोकन व्यवस्था तक कहीं भी किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
किसानों की सुविधा और उचित प्रबंधन हमारी प्राथमिकता
किसानों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि अन्नदाताओं की सुविधा और उनकी मेहनत की उपज का उचित प्रबंधन करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सरकार और प्रशासन का यह निरंतर प्रयास है कि किसानों को अपनी धान बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस निरीक्षण दौरे के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से श्यामपाल ताम्रकार, राजेश मेहता, और लीलाराम साहू समेत कई अन्य लोग मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं के संचालन में सहभागी बने।



