खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस ने महिला को मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला थाना गातापार क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार आपत्तिजनक और अश्लील मैसेज भेजे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध नंबर धारक की पहचान की गई।
जांच में आरोपी की पहचान ग्राम डुमरडीह निवासी 28 वर्षीय युवक के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया, जहां उसने महिला को अश्लील टेक्स्ट मैसेज भेजने की बात स्वीकार कर ली।
मामले में थाना गातापार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। आरोपी को 27 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई।
इसके बाद आरोपी को माननीय जेएमएफसी न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया और मोबाइल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार से बचने की अपील की है।


