राजनांदगांव। जिले के घुमका थाना क्षेत्र में एक युवती से जबरदस्ती करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 मार्च 2026 की है, जब पीड़िता अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी उसका पीछा करते हुए घर के बाहर पहुंचा और उसे जबरदस्ती अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए युवती का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की।
पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से घबराई युवती ने यह पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद 31 मार्च 2026 को वह अपनी मां के साथ थाना घुमका पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे ग्राम भठली, थाना साल्हेवारा (जिला केसीजी) से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


