छुईखदान। छुईखदान से दनिया मार्ग पर आज प्रशासन और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क निर्माण कार्य को गति देने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई में पहले से मुआवजा प्राप्त कर चुके कुछ कब्जाधारियों द्वारा दोबारा किए गए निर्माण को हटाया गया।
यह कार्रवाई आदरणीय कलेक्टर केसीजी के आदेशानुसार तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देशन में की गई। मौके पर तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, थाना प्रभारी छुईखदान सहित नगर पंचायत और पुलिस अमला मौजूद रहा।
### पहले ही जारी किए जा चुके थे निर्देश
जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व कलेक्टर के दौरे के दौरान नाली के ऊपर बने अवैध निर्माणों को चार दिनों के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद नगर पंचायत द्वारा संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को विधिवत नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने का आग्रह किया गया था।
एक सप्ताह पूर्व प्रशासन ने मुनादी कराकर 23 फरवरी तक अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
### जेसीबी पहुंचते ही मचा हड़कंप
आज सुबह प्रशासनिक टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची तो क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। कई अतिक्रमण तत्काल प्रभाव से हटाए गए, जबकि कुछ लोगों को सीमित समय देते हुए शीघ्र अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
### पत्रकारों से अभद्रता का आरोप
कार्रवाई के दौरान कुछ नाराज अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने की सूचना सामने आई है। इस घटना से पत्रकारों में रोष व्याप्त है।
पत्रकारों ने प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
### प्रशासन का संदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों को पूर्व में मुआवजा दिया जा चुका है, वे पुनः अवैध निर्माण न करें। विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।


