खैरागढ़।केनरा बैंक से लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में गंडई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से बड़ी रकम की धोखाधड़ी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अश्वनी कुमार जांगड़े पिता सीताराम जांगड़े, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम ठढार, थाना गंडई, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने 09 फरवरी 2026 को थाना गंडई में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि 02 जुलाई 2025 से 05 फरवरी 2026 के बीच अभिषेक गिरी पिता पप्पू गिरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी कैम्प-01 भिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग ने केनरा बैंक दुर्ग से 36 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में उनसे रकम वसूली।
आरोपी द्वारा प्रार्थी से नकद 2,84,900 रुपये, मोबाइल नंबर 8305878760 पर फोन-पे के माध्यम से 2,21,950 रुपये, इसके अलावा अन्य मोबाइल नंबरों और खातों में रकम जमा कराई गई। इसमें रवि शंकर हिरवानी के मोबाइल नंबर 9584741373 में 89,000 रुपये, दिक्षा बंधेल के खाते में 1,20,240 रुपये, तथा अन्य साथियों के खातों में कुल 5,76,570 रुपये डलवाए गए। इस प्रकार प्रार्थी से कुल 8,26,570 रुपये (आठ लाख छब्बीस हजार पांच सौ सत्तर रुपये) की ठगी की गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गंडई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी अभिषेक गिरी को पता तलाश कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने जुर्म को स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपने साथी गिरोह के साथ मिलकर लोगों को लोन दिलाने का लालच देकर षड्यंत्रपूर्वक फोन-पे और नकद के माध्यम से ठगी करता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में धारा 61(2) बीएनएस जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी को 09 फरवरी 2026 को रात 8:35 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
गंडई पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और लेन-देन की जांच में जुटी हुई है।

