खैरागढ़। जिले के छुईखदान क्षेत्र में अवैध सट्टा गतिविधियों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सट्टा लिखते हुए मौके से पकड़ा गया, जिसके पास से नगदी सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जयस्तंभ के पास एक व्यक्ति लोगों से पैसे लेकर सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान छेरकुराम वर्मा (57 वर्ष) निवासी कानीमेरा, थाना छुईखदान, जिला केसीजी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, सट्टा लिखने से संबंधित कागजात, पेन और करीब 1210 रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सट्टा, जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में छुईखदान पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


