खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पुलिस द्वारा जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना छुईखदान पुलिस ने ग्राम बीरूटोला में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुहावन तालाब के पास कुछ लोग मोमबत्ती की रोशनी में 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास और जुआ फड़ से कुल 2420 रुपये नगद, ताश की गड्डी और अधजली मोमबत्ती जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


