खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण का स्वर्णिम एवं ऐतिहासिक काल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को प्रधानमंत्री नहीं बल्कि "प्रधान सेवक" मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर से हुई, जो किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। केंद्र सरकार ने डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से करोड़ों लाभार्थियों तक सीधे राशि पहुंचाई, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा और लाखों करोड़ रुपये की बचत हुई।
श्री चिमनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं तथा सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के माध्यम से भारत ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और विकास अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों लोगों को बैंक खाते, मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, आवास, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, नल-जल सुविधा तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ मिला है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य भी किया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को रेलवे, मेडिकल कॉलेज, खनिज कॉरिडोर, तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों और आधारभूत संरचना विकास के लिए विशेष लाभ प्राप्त हुए हैं।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, प्रकाश सिंह, उमा चौबे, दिनेश वर्मा, विनय चोपड़ा एवं यतीश साहू सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही

