खैरागढ़। Sadak hadsa : खैरागढ़ से कवर्धा मार्ग एक बार फिर सड़क हादसे से खून से लथपथ हो गया। शनिवार तड़के करीब 2 बजे छुईखदान के आगे झुरानदी चौक के अंधे मोड़ पर नेक्सोम कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार टक्कर के बाद घूमते हुए 11 केवी बिजली खंभे से जा टकराई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कार क्रमांक CG JJ 08 AW 7975 छुईखदान से गंडई की ओर जा रही थी, तभी झुरानदी की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। मोटरसाइकिल सवार मानपुर-पहाड़ी क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। कार सवार देवरबीजा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर कई निर्णय लिए थे, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। झुरानदी चौक का अंधा मोड़ पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है।


