खैरागढ़। जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र में लूट, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना साल्हेवारा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्रिंस मरकाम, भेला राम यादव और खिलेन्द्र यादव ने एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि तीनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की और चोट पहुंचाकर लूट की घटना को अंजाम दिया।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रिंस मरकाम पिता संजय मरकाम, भेला राम पिता छन्नू यादव एवं खिलेन्द्र यादव पिता मोहन यादव, निवासी देवपुरा एवं देवपुरा घाट, थाना साल्हेवारा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 49/2026 दर्ज किया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 296, 115(2), 351(2), 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई कर तीनों को भेजा जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साल्हेवारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


